फ्रांसेस टियाफो सिनसिनाटी ओपन में क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, फेलिक्स ऑगर अलियासिमे को हराया
फ्रांसेस टियाफो सिनसिनाटी ओपन में क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराया
NewsPoint•
सिनसिनाटी, 20 अगस्त (आईएएनएस)। सिनसिनाटी ओपन में टेनिस की दुनिया में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले, जहां फ्रांसेस टियाफो ने दूसरे सीड फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराकर सीजन का अपना दूसरा मास्टर्स 1000 क्वार्टर-फाइनल में प्रवेश किया। यह टियाफो के करियर में पहली बार है जब उन्होंने एक ही सीजन में एक से अधिक मास्टर्स 1000 क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, टॉमी पॉल ने भी बड़ा उलटफेर करते हुए एलेक्जेंडर ज्वेरेव को मात दी, जबकि आर्थर फिल्स पांच मास्टर्स 1000 क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे फ्रेंचमैन बन गए।
फ्रांसेस टियाफो ने ऑगर-अलियासिमे को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराया। टियाफो ने मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी की गलतियों का खूब फायदा उठाया। कनाडाई खिलाड़ी ऑगर-अलियासिमे ने जहां 37 गलतियां कीं, वहीं टियाफो ने सिर्फ 16 गलतियां कीं। एटीपी के आंकड़ों के अनुसार, टियाफो ने अपनी पहली सर्व में केवल 44 प्रतिशत (28/64) अंक ही जीते, फिर भी उन्होंने बेसलाइन से अपना दबदबा बनाए रखा और 2024 के बाद पहली बार सिनसिनाटी में अंतिम आठ में जगह बनाई। टियाफो का अगला मुकाबला 10वीं सीड लोरेंजो मुसेट्टी से होगा। मुसेट्टी ने पुर्तगाली क्वालीफायर जैमे फारिया को 75 मिनट में 7-5, 6-2 से हराया। इस जीत के साथ, इटली के मुसेट्टी पिछले साल रोम के बाद पहली बार मास्टर्स 1000 इवेंट के क्वार्टर-फाइनल में पहुंचे हैं।एक अन्य रोमांचक मुकाबले में, टॉमी पॉल ने दुनिया के नंबर 8 खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अपने 50वें टूर-लेवल क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने के बाद, पॉल अब ओहियो में सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए फ्लेवियो कोबोली से भिड़ेंगे। सातवीं सीड वाले कोबोली ने राफेल जोडार को 4-6, 7-6(3), 6-3 से मात दी थी।
इस बीच, 21वीं सीड आर्थर फिल्स ने दुनिया के नंबर 8 खिलाड़ी एलेक्स डी मिनौर को 6-3, 6-4 से हराकर एक ही सीजन में पांच मास्टर्स 1000 क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे फ्रेंचमैन बन गए। इससे पहले 2012 में जो-विल्फ्रेड सोंगा ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
इसके अलावा, छठी सीड टेलर फ्रिट्ज ने क्रिस्टोफर ओ'कॉनेल को आसानी से 6-4, 6-3 से हराकर 2023 के बाद पहली बार सिनसिनाटी में आखिरी आठ में वापसी की। अपनी एक घंटे, 17 मिनट की जीत के साथ, 28 वर्षीय फ्रिट्ज इस सदी में एंडी रॉडिक (6), मार्डी फिश (4) और जॉन इस्नर (3) के बाद कम से कम तीन सिनसिनाटी क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने वाले चौथे अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं।