भारत ईयू साझेदारी की समीक्षा बैठक में व्यापार, निवेश और डिजिटल सहयोग पर चर्चा
भारत-ईयू साझेदारी की समीक्षा बैठक में व्यापार, निवेश और डिजिटल सहयोग पर चर्चा
NewsPoint•
भारत और यूरोपीय संघ ने नई दिल्ली में 9 नवंबर को सातवीं 'भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी समीक्षा बैठक' आयोजित की। इस बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज और यूरोपीय संघ के उप महासचिव मैटी मासिकास ने की। दोनों पक्षों ने भारत-ईयू संबंधों में आ रही सकारात्मक प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने 27 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में होने वाले 16वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन में अपनाए गए संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा के क्रियान्वयन का भी आकलन किया।
बैठक में व्यापार और निवेश सहयोग को बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर समयबद्ध तरीके से हस्ताक्षर और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके साथ ही, निवेश संरक्षण समझौते और भौगोलिक संकेतक (GI) समझौते को अंतिम रूप देने के प्रयास जारी रखने पर सहमति बनी। बैठक में आपूर्ति श्रृंखलाओं (Supply Chains) को मजबूत बनाने और आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार किए गए। इसमें ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (TTC) और ब्लू वैलीज पहल के तहत रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने का खास ध्यान रखा गया। मंत्रालय ने बताया कि भारत और ईयू ने स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण-अनुकूल बदलाव पर अपने संकल्प को दोहराया। दोनों पक्षों ने उन भारतीय जहाज रीसाइक्लिंग यार्डों को यूरोपीय संघ की मान्यता प्राप्त सूची में शामिल करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की, जो ईयू के जहाज रीसाइक्लिंग नियमों का पालन करते हैं।
उनकी बातचीत में उभरती तकनीकों पर भी जोर दिया गया। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम टेक्नोलॉजी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), उन्नत सेमीकंडक्टर, क्लीन टेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र शामिल थे। दोनों पक्षों ने बेहतर डिजिटल माहौल बनाने और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने में चल रहे सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। इसके अलावा, उन्होंने शोध सहयोग में हो रही प्रगति पर भी चर्चा की, जिसमें होराइजन यूरोप कार्यक्रम के साथ भारत की संभावित भागीदारी भी शामिल है।
बैठक में कनेक्टिविटी साझेदारी को मजबूत करने के महत्व को भी परखा गया। ग्लोबल गेटवे, इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMECE) और स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु लचीलापन, हरित गतिशीलता (Green Mobility) एवं डिजिटलीकरण से जुड़े त्रिपक्षीय परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने वैश्विक शासन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय और सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
एमईए द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बैठक में लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी व्यापक बातचीत हुई। इसमें प्रतिभा गतिशीलता (Talent Mobility), शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े सहयोग के उपायों की समीक्षा की गई। यूरोपियन लीगल गेटवे ऑफिस से जुड़ी प्रगति पर भी चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने अगली भारत-ईयू मानवाधिकार वार्ता का स्वागत किया। भारत और यूरोपीय संघ ने अपने-आप को भरोसेमंद, स्थिर और समान सोच वाले साझेदार बताते हुए रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ऐसे ठोस और व्यावहारिक परिणामों को प्राप्त करना था जो दोनों के लिए लाभकारी हो सके। इस संदर्भ में, भविष्य में नेताओं के स्तर पर होने वाली बैठकों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
आखिर में, यह सहमति बनी कि अगली 'रणनीतिक साझेदारी समीक्षा बैठक' अगले वर्ष आपसी सहमति से निर्धारित तारीख पर ब्रुसेल्स में आयोजित की जाएगी।