जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सीनियर रेजिडेंट के लिए 70 पदों पर आवेदन आमंत्रित, जानें पूरी प्रक्रिया

NewsPoint•
70
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस) - दिल्ली के जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (जेएसएसएच) ने मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए सीनियर रेजिडेंट के कुल 70 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हुई है और अंतिम तिथि 8 दिसंबर निर्धारित की गई है। यदि आप मेडिकल क्षेत्र में रुचि रखते हैं और योग्य हैं, तो ये आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है।

जेएसएसएच ने विभिन्न विभागों में रिक्तियों की घोषणा की है। इनमें एनेस्थीसिया में 10, बायोकेमिस्ट्री में 2, कार्डियोलॉजी में 2, सीटीवीएस में 4, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में 8, जीआई सर्जरी में 4, माइक्रोबायोलॉजी में 3, नेफ्रोलॉजी में 8, न्यूरोलॉजी में 8, न्यूरो सर्जरी में 4, न्यूक्लियर मेडिसिन में 2, ऑन्कोलॉजी में 2, पैथोलॉजी में 4, रेडियोलॉजी में 5 और यूरोलॉजी में 4 पद शामिल हैं।
योग्यता की बात करें, तो उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विशेषज्ञता में एमबीबीएस के साथ पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/एमएस)/डिप्लोमा/डीएनबी होनी चाहिए। हालांकि, यदि ऐसे उम्मीदवार नहीं मिलते, तो उन्हें भी मौका मिलेगा जिनके पास एमबीबीएस के बाद तीन साल का अनुभव होगा, जिसमें से कम से कम एक साल का अनुभव संबंधित विशेषज्ञता में होना चाहिए। सुपर स्पेशलिटी जैसे कार्डियोलॉजी, सीटीवीएस आदि के लिए भी एक विशेष डिग्री (डीएम/एमसीएच) व अनुभव जरूरी होगा।

अधिकतम आयु सीमा की बात करें तो बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी विभाग के लिए यह 50 वर्ष है, जबकि अन्य विभागों के लिए यह 45 वर्ष है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया में आवेदनों की समीक्षा, मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, स्क्रीनिंग लिखित परीक्षा (यदि आवश्यक हो), इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन शामिल हैं। सफल उम्मीदवारों को माह के लिए 67,700 रुपए वेतन मिलेगा। इसके अलावा, उन्हें अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू का आयोजन 22 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे 'बोर्ड रूम, एमएस ऑफिस, पहली मंजिल, जेएसएसएच' पर किया जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों के साथ सही समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

आवेदन करते समय, उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। अनारक्षित श्रेणी के लिए यह 1,000 रुपए है जबकि ओबीसी/एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए है। दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए सबसे पहले आप जेएसएसएच की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां जारी अधिसूचना से एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकालें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरें। सभी आवश्यक दस्तावेजों को आवेदन के साथ संलग्न करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर 'निदेशक, प्रशासनिक ब्लॉक, पहली मंजिल, जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सी-2बी, जनकपुरी, नई दिल्ली - 110058' में स्पीड पोस्ट या अन्य माध्यम से भेज दें। इसे अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचाना जरूरी है।

इस प्रकार, अगर आप मेडिकल क्षेत्र में एक उत्कृष्ट करियर चाहते हैं, तो जेएसएसएच में सीनियर रेजिडेंट के पदों के लिए आवेदन करें। यह एक सुनहरा मौका है जिसे आपको नहीं खोना चाहिए।

रेकमेंडेड खबरें