प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की बेटी एकलीन का दूसरा जन्मदिन, मां बाप ने दी दिल छू लेने वाली शुभकामनाएँ
प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की बेटी एकलीन का दूसरा जन्मदिन, मां-बाप ने दी दिल छू लेने वाली शुभकामनाएँ
NewsPoint•
मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रिंस नरूला और युविका चौधरी के छोटे से परिवार में एक बहुत खास दिन था। उनकी प्यारी बेटी एकलीन सोमवार को 2 साल की हो गईं। इस खुशी के मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया पर दिल से अपनी भावनाएं और शुभकामनाएं साझा कीं।
युविका ने अपनी बेटी के लिए एक भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने उस पल को याद किया जब एकलीन उनकी जिंदगी में आई। उन्होंने लिखा, "दो साल पहले तुम मेरी जिंदगी में आई और मेरे दिल को एक अलग ही तरह से धड़कने की वजह दी। जिस पल मैंने तुम्हें अपनी बांहों में लिया, मुझे एक ऐसे प्यार का एहसास हुआ जिसके बारे में मुझे पहले कभी पता नहीं था।" युविका ने एकलीन को अपनी दुनिया का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताते हुए कहा कि उनकी बेटी की मासूमियत और हंसमुखता ने उनकी जिंदगी में खुशी भर दी है। युविका ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि, "तुम्हारे नन्हे हाथ, तुम्हारी मासूम मुस्कान, तुम्हारी प्यारी सी खिलखिलाहट, तुम्हारे आलिंगन और यहां तक कि तुम्हारी शरारतें भी मेरी दुनिया को ऐसी खुशी से भर देती हैं जिसे मैं कभी खोना नहीं चाहती।" उन्होंने प्रार्थना की कि उनकी बेटी की मुस्कान हमेशा चमकती रहे और उसका दिल सदा दयालु बना रहे।
प्रिंस ने भी अपनी बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे बेबी लव एकलीन नरूला को जन्मदिन की शुभकामनाएं, एक बात याद रखें मम्मी पापा आपसे बहुत प्यार करते हैं और हमेशा आपके लिए प्रार्थना करते हैं।" प्रिंस ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के लिए बहुत कुछ बदला है और वह उम्मीद करते हैं कि एकलीन बड़ी होकर इसे समझ पाएंगी।
उन्होंने आगे लिखा, "तुम मेरी मुस्कान की वजह हो, मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, मेरी लाडली, मेरी सब कुछ, मेरी प्यारी बच्ची... मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, जन्मदिन मुबारक हो बेबी।"
इस तरह, प्रिंस और युविका ने एकलीन के जन्मदिन पर अपनी भावनाओं को बखूबी व्यक्त किया। उनके प्यार और समर्पण ने इस खास दिन को और भी खास बना दिया। एकलीन की मासूमियत और खुशियों का यह सफर आगे भी यूं ही चलता रहे, यही सभी की दुआ है।