चीन के लियाओनिंग में चौथा अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सम्मेलन शुरू, संरक्षण पर चर्चा
चीन के लियाओनिंग में चौथा अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सम्मेलन शुरू, संरक्षण पर चर्चा
NewsPoint•
बीजिंग, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। लियाओनिंग प्रांत के छाओयांग शहर में चौथा चीन अमूर्त सांस्कृतिक विरासत संरक्षण वार्षिक सम्मेलन शुक्रवार को शुरू हुआ। इस सम्मेलन में देशभर से अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और विद्वान एकत्रित हुए। वे विरासत के संरक्षण, अगली पीढ़ी तक पहुंचाने और नए तरीके से इसे विकसित करने पर चर्चा कर रहे हैं। यह तीन दिवसीय सम्मेलन चीन अमूर्त सांस्कृतिक विरासत संरक्षण संघ, लियाओनिंग प्रांतीय संस्कृति एवं पर्यटन विभाग और छाओयांग नगर सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया है।
सम्मेलन के दौरान 'अमूर्त सांस्कृतिक विरासत महा बाजार' जैसे कार्यक्रम, विषयगत भाषण और सांस्कृतिक विरासत नृत्य परेड का आयोजन किया जा रहा है। ये कार्यक्रम संरक्षण के प्रयासों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हैं। इसके जरिए आम लोगों को चीन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। उद्घाटन समारोह में अमूर्त सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कई प्रमुख परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया।इस मौके पर 'चीन अमूर्त सांस्कृतिक विरासत संरक्षण वार्षिक सम्मेलन ब्रांड मूल्यांकन रिपोर्ट (2026)', 'चीन अमूर्त सांस्कृतिक विरासत प्रसार ब्लू बुक 2026' और 'चीनी राष्ट्रीय युवा अमूर्त सांस्कृतिक विरासत उत्तराधिकारी सहायता योजना' के तहत वर्ष 2026 के लिए चुने गए प्रतिभागियों की सूची भी जारी की गई।
चीन अमूर्त सांस्कृतिक विरासत संरक्षण संघ के अध्यक्ष, वांग श्याओफंग ने कहा, "2023 में शुरुआत के बाद से यह सम्मेलन देश में अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण वार्षिक आयोजन बन गया है।" उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष के सम्मेलन को यूनेस्को की 'अंतरराष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत दिवस' से जुड़ी गतिविधियों की श्रृंखला में शामिल किया गया है। इसके अलावा, सम्मेलन का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस सम्मेलन में उपस्थित सभी लोग अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसके महत्व को जानने का प्रयास कर रहे हैं। सम्मेलन के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर आम जन का हिस्सा बनाना जरूरी है।