n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले स्थित बकलोह सैन्य छावनी के स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण के दौरान घायल हुए 26 वर्षीय भारतीय सेना के जवान मोहित ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को उनके पैतृक गांव सेक्टर-65 स्थित साहूपुरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई राहुल शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी। गांव में हर आंख नम थी। अंत्येष्टि के दौरान सेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कर्नल अजय सिंह के नेतृत्व में जवानों ने शहीद को अंतिम सलामी दी।
बॉक्सिंग प्रैक्टिस के दौरान लगी गंभीर चोट : जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को मोहित ट्रेनिंग के दौरान बॉक्सिंग अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान उनके कान के पास सिर में गंभीर चोट लग गई। हालत बिगड़ने पर उन्हें बकलोह के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मोहित की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार के मुताबिक, बचपन से ही उनका सपना सेना में जाने का था और पहली ही कोशिश में वह भर्ती हो गए थे। इसके बाद वह भारत माता की सेवा में जुटे हुए थे।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब : मोहित का पार्थिव शरीर तिरखा कॉलोनी स्थित उनके घर लाया गया, जहां लोगों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद अंतिम यात्रा निकाली गई। काफिला मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से होते हुए साहूपुरा श्मशान घाट पहुंचा। अंतिम यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। पूरे गांव में गमगीन माहौल बना है।





