पीटीआई, नई दिल्ली : बाजार नियामक सेबी ( Sebi ) ने सोशल इम्पैक्ट फंड्स में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब व्यक्तिगत निवेश क इन फंड्स में महज 1,000 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं। इससे पहले यह न्यूनतम निवेश सीमा 2 लाख रुपये थी। सेबी के इस फैसले का मकसद सोशल स्टॉक एक्सचेंज (SSE) पर छोटे निवेशकों को जोड़ना है। सोशल स्टॉक एक्सचेंज को बढ़ावा देने के लिए सेबी ने गैर-लाभकारी संस्थाओं (NPOs) के लिए रजिस्ट्रेशन की वैधता भी बढ़ा दी है। अब ये संस्थाएं बिना फंड जुटाए भी 3 साल तक एक्सचेंज पर रजिस्टर्ड रह सकती हैं, जबकि पहले यह सीमा 2 साल थी।





