Cm Urged Over Withheld Salaries Of Employees Demand To Extend Property Statement Submission Deadline
कर्मचारियों के रुके वेतन को लेकर सीएम से गुहार
नवभारत टाइम्स•
जवाहर भवन-इंदिरा भवन के 47 हजार कर्मचारियों का वेतन रुका है। महासंघ ने मुख्यमंत्री से इस पर पुनर्विचार की गुहार लगाई है। संपत्ति का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर फरवरी के अंत तक करने का अनुरोध किया गया है।
लखनऊ: जवाहर भवन-इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश के 47 हजार कर्मचारियों का वेतन रोकने और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के सरकारी आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की है। महासंघ ने मुख्यमंत्री से संपत्ति का विवरण (IAS/PCS की तरह पोर्टल पर फीडिंग) जमा करने की अंतिम तारीख 31 जनवरी से बढ़ाकर फरवरी के अंत तक करने का अनुरोध किया है। महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडेय और महामंत्री सुशील कुमार बच्चा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यह गुहार लगाई है।
सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि जिन कर्मचारियों का वेतन रोका गया है, उनमें बड़ी संख्या चतुर्थ श्रेणी और कम पढ़े-लिखे कर्मचारियों की है। ये कर्मचारी ऑनलाइन सिस्टम को ठीक से नहीं जानते और उनके पास जरूरी साधन भी नहीं हैं। इसी वजह से वे समय पर अपना विवरण पोर्टल पर अपलोड नहीं कर पाए।महासंघ ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने और कर्मचारियों के हित में फैसला लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को थोड़ी और मोहलत दी जानी चाहिए ताकि वे अपना काम पूरा कर सकें।