NBT रिपोर्ट, देहरादून: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के दौरे पर हैं। इस दौरान वह शुक्रवार को यमकेश्वर स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। गांव में ही रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह गांव की सैर पर निकले और बड़े-बुजुर्गों से मुलाकात की। साथ ही स्थानीय बच्चों से मिले और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने शनिवार को यमकेश्वर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की । उन्होंने कॉलेज परिसर की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों से संस्थान में चल रहे विकास कार्यों व सुविधाओं की जानकारी ली। पंचूर गांव आने से पहले शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर में प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन किये थे ।


