Protest Against Pakistan In Bara Imambara Effigies Of Shehbaz Sharif And Asif Munir Burnt
बड़ा इमामबाड़ा में पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन, पुतले फूंके
नवभारत टाइम्स•
चौक स्थित बड़ा इमामबाड़ा परिसर में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिफ मुनीर के पुतले फूंके। यह विरोध इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आतंकी हमले के विरोध में था। लोगों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए और पाकिस्तान के झंडे को पैरों से रौंदा।
लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र में बड़ा इमामबाड़ा परिसर में रविवार को पाकिस्तान सरकार के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिफ मुनीर के पुतले फूंके। यह विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान के इस्लामाबाद में जुमे की नमाज़ के दौरान हुए आतंकी हमले के खिलाफ था। हुसैनी टाइगर्स ने इस प्रदर्शन का आयोजन किया था। लोगों ने 'स्टॉप शिया किलिंग' के बैनर लहराए और पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। इस दौरान पाकिस्तान के झंडे को पैरों तले रौंदा गया। इस प्रदर्शन में शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली जैदी और कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों के लोग शामिल हुए।
यह प्रदर्शन पाकिस्तान में शिया समुदाय पर हो रहे हमलों के विरोध में था। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान सरकार पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार नाकाम रही है। प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी पाकिस्तान पर दबाव बनाने की अपील की ताकि वहां शिया समुदाय के लोगों की सुरक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता, तब तक ऐसे प्रदर्शन जारी रहेंगे।