दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, FIR

नवभारत टाइम्स

गाजियाबाद में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। एक पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के लिए मारपीट और गहने हड़पने का आरोप लगाया है। शादी में 35 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल वाले कार के लिए 7 लाख रुपये नकद और अन्य सामान की मांग कर रहे थे।

ghaziabad allegation of harassing daughter for dowry fir registered against in laws
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के लिए उसे परेशान करने, मारपीट करने और गहने हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। मेरठ रोड स्थित माइल स्टोन रेजीडेंसी के राकेश त्यागी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी श्रुति की शादी 2015 में वसुंधरा निवासी सत्यव्रत से की थी। शादी में उन्होंने करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे। सत्यव्रत बैंक में नौकरी करता है।

राकेश त्यागी का कहना है कि शादी के दिन से ही सत्यव्रत के परिवार वाले कार के लिए 7 लाख रुपये नकद और अन्य सामान की मांग कर रहे थे। सात साल बाद जब बेटी श्रुति ने बच्चे को जन्म दिया, तो ससुराल वालों को कोई खुशी नहीं हुई। बल्कि, बच्ची को जन्म देने के कारण उन्होंने श्रुति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने श्रुति के गहने भी हड़प लिए। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। राकेश त्यागी ने उम्मीद जताई है कि उन्हें न्याय मिलेगा और उनकी बेटी को इंसाफ मिलेगा।