कबाड़ी से वसूली मामले में दोषी पाए गए आठ पुलिसकर्मी सस्पेंड

नवभारत टाइम्स

संभल में कबाड़ी से 30 हजार रुपये की वसूली के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के आठ पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। इन सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने कबाड़ी पिता-पुत्र को रोककर उनसे पैसे वसूले थे। मामले की जांच के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की है।

कबाड़ी से वसूली मामले में दोषी पाए गए आठ पुलिसकर्मी सस्पेंड
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

संभल में कबाडी से 30 हजार रुपये वसूलने के आरोप में दोषी पाए जाने पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के 8 सदस्य सस्पेंड कर दिए गए। दरअसल, मुरादाबाद जिले के बिलारी निवासी कबाड़ी जफरूद्दीन अपने बेटे आस मोहम्मद के साथ दो फरवरी की रात मोबाइल की प्लेट का कबाड़ा लेकर संभल के लाडो सराय की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि एसओजी की टीम ने कबाड़ी पिता-पुत्र को रोककर संभल कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी चौधरी सराय ले गई। दलाल के जरिए कबाड़ी पिता-पुत्र को छोड़ने के एवज में 30 हजार रुपये वसूले गए। मोबाइल की प्लेट गलाकर निकलने वाली धातु को भी पुलिस टीम ने अपने पास रख लिया। पिता-पुत्र ने तीन फरवरी को पुलिस टीम से अपनी धातु लौटाने को कहा। आरोप है कि एसओजी टीम ने धातु लौटाने की एवज में 40 हजार रुपये की और मांग की। पीड़ितों ने इसकी शिकायत एसपी से की। एसपी ने जांच कराई। एसपी संभल केके विश्नोई ने बताया कि प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद एसओजी के प्रभारी दरोगा मोहित चौधरी, हेड कॉन्स्टेबल कुलवंत, अरशद, कॉन्स्टेबल अजनबी, आयुष, विवेक, बृजेश और हिरेश को सस्पेंड कर दिया गया। एसओजी का नया प्रभारी बोबिंद्र शर्मा को बनाया गया है।