टैरिफ इफेक्ट, जनवरी में US को निर्यात 22% घटा

नवभारत टाइम्स

जनवरी में भारत का निर्यात बढ़ा है। कुल निर्यात 36.56 अरब डॉलर रहा। हालांकि, अमेरिका को निर्यात में 21.77% की गिरावट आई है। सोने और चांदी का आयात काफी बढ़ा है। इससे व्यापार घाटा बढ़ा है। चीन को निर्यात में अच्छी वृद्धि देखी गई है। इंजीनियरिंग सामान और पेट्रोलियम उत्पादों ने निर्यात बढ़ाने में मदद की है।

टैरिफ इफेक्ट, जनवरी में US को निर्यात 22% घटा
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : जनवरी में भारत से वस्तुओं का निर्यात सालभर पहले से 0.6% बढ़कर 36.56 बिलियन डॉलर रहा। हालांकि यह दिसंबर के 38.51 बिलियन डॉलर के आंकड़े से कम रहा। वहीं, आयात 19.2% बढ़कर 71.24 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया। इसके चलते आयात और निर्यात का अंतर यानी व्यापार घाटा 34.68 बिलियन डॉलर का रहा, जो इसका 3 महीनों का ऊंचा स्तर है। दिसंबर में ट्रेड डेफिसिट 25.04 बिलियन डॉलर का था। आयात बढ़ने में बड़ा हाथ ज्यादा गोल्ड और सिल्वर इंपोर्ट का रहा। गोल्ड इंपोर्ट सालभर पहले से 349.2% बढ़कर 1207 करोड़ डॉलर का रहा। वहीं, चांदी का आयात 127% बढ़कर 200 करोड़ डॉलर का रहा।

50 फीसदी टैरिफ के बीच जनवरी में अमेरिका को निर्यात सालभर पहले से 21.77% घटकर 6.59 बिलियन डॉलर पर आ गया। यह दिसंबर के मुकाबले भी 4.5% कम रहा। हालांकि इस वित्त वर्ष में अप्रैल से जनवरी तक अमेरिका को निर्यात सालभर पहले की इसी अवधि के मुकाबले 5.85% बढ़कर 72.46 बिलियन डॉलर के साथ दमदार बना रहा। अमेरिका का 50% टैरिफ अगस्त में लागू हुआ था। 7 फरवरी को अमेरिका ने 25% ऑयल पेनाल्टी खत्म करने का ऐलान किया था और बाकी 25% रेसिप्रोकल टैरिफ को भी 18% पर लाने की बात कही थी।

वहीं, जनवरी में चीन को निर्यात सालभर पहले से 55.65% बढ़कर 1.64 बिलियन डॉलर का रहा। वहीं चीन से आयात 16.67% बढ़कर 12.23 बिलियन डॉलर का रहा।

जनवरी में निर्यात बढ़ने में मुख्य योगदान इंजीनियरिंग गुड्स, पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स, मीट, डेयरी एंड पोल्ट्री प्रोडक्ट्स, मरीन प्रोडक्ट्स और आयरन ओर का रहा। कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने कहा कि वस्तुओं और सेवाओं को मिलाकर एक्सपोर्ट बढ़ रहा है और इस वित्त वर्ष में कुल निर्यात 860 बिलियन डॉलर के पार जा सकता है।