Ajnara Homes Power Connection Chaos Management Stops Npcl Team Residents Protest
मैनेजमेंट ने गेट पर रोकी NPCL की टीम, निवासियों ने किया हंगामा
नवभारत टाइम्स•
ग्रेनो वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में बिजली कनेक्शन को लेकर हंगामा हुआ। सोसायटी मैनेजमेंट ने एनपीसीएल की टीम को गेट पर रोका। निवासी मल्टी पॉइंट कनेक्शन चाहते हैं। उनका आरोप है कि मेंटेनेंस टीम अवैध वसूली जारी रखना चाहती है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। निवासी प्रीपेड मीटर का एकाधिकार खत्म करने की मांग पर अड़े हैं।
ग्रेनो वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में गुरुवार को मल्टी पॉइंट बिजली कनेक्शन लगाने को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। एनपीसीएल (NPCL) की टीम और वेंडर जैसे ही कनेक्शन का काम शुरू करने पहुंचे, सोसायटी मैनेजमेंट ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके विरोध में एओए (AOA) और कई निवासी गेट पर जमा हो गए और प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने पुलिस को भी बुलाया।
एओए अध्यक्ष चंदन सिन्हा और दूसरे पदाधिकारियों ने बताया कि सोसायटी के 2000 से ज्यादा परिवार अभी प्रीपेड मीटर से बिजली ले रहे हैं। इन मीटरों में मेंटेनेंस शुल्क काटने को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता है। इस झंझट से छुटकारा पाने के लिए 1250 से ज्यादा निवासियों ने मल्टी पॉइंट कनेक्शन के लिए एनपीसीएल को अपनी रजामंदी दे दी थी। निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस टीम जानबूझकर वेंडर को अंदर नहीं जाने दे रही है। उनका मानना है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि वे प्रीपेड मीटर के जरिए अवैध तरीके से पैसे वसूलते रहें।जब हंगामा बढ़ा तो पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। निवासियों ने साफ-साफ कहा कि वे प्रीपेड मीटर के इस एकाधिकार को खत्म करना चाहते हैं। वहीं, एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने साफ किया कि उनकी टीम निवासियों की सहमति और एओए की मांग पर ही वहां पहुंची थी। लेकिन मैनेजमेंट और एओए के आपसी झगड़े की वजह से काम रुक गया। फिलहाल सोसायटी में तनाव तो है, लेकिन शांति बनी हुई है। निवासी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
हमने मेंटेनेंस टीम के राजेंद्र कुमारिया से मल्टी पॉइंट कनेक्शन से जुड़े विरोध के बारे में पूछने के लिए फोन किया था। लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। फोन करने पर उन्होंने फोन काट दिया।
यह मामला प्रीपेड मीटर और मल्टी पॉइंट कनेक्शन के बीच का है। प्रीपेड मीटर में आप पहले पैसे डालते हैं, फिर बिजली इस्तेमाल करते हैं। इसमें मेंटेनेंस का चार्ज भी कटता है। मल्टी पॉइंट कनेक्शन में बिजली का बिल सीधे इस्तेमाल के हिसाब से आता है और मेंटेनेंस का तरीका अलग हो सकता है। निवासियों को प्रीपेड मीटर में मेंटेनेंस शुल्क को लेकर दिक्कतें आ रही थीं, इसलिए वे मल्टी पॉइंट कनेक्शन चाहते थे। लेकिन सोसायटी मैनेजमेंट ने एनपीसीएल की टीम को काम शुरू करने से रोक दिया, जिससे यह विवाद खड़ा हो गया।