MNCs के दिग्गजों पर IT विभाग की नज़र

नवभारत टाइम्स

आयकर विभाग ने देश के बड़े कॉर्पोरेट अधिकारियों और सीईओ पर कार्रवाई शुरू की है। 50 लाख रुपये से अधिक कमाने वालों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। इन पर टैक्स चोरी और गलत तरीके से छूट का दावा करने का आरोप है। विदेशी संपत्ति और कमाई की जानकारी न देना भी एक कारण है।

MNCs के दिग्गजों पर IT विभाग की नज़र
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट : इनकम टैक्स विभाग ने देश के बड़े कॉरपोरेट अधिकारियों और सीईओ (CEOs) पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 50 लाख रुपये से ज्यादा सालाना कमाने वाले उन लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं जिन्होंने टैक्स चोरी की है। इन पर आरोप है कि इन्होंने अपनी कमाई कम दिखाई और गलत तरीके से टैक्स छूट का दावा किया।

इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टैक्स विभाग ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ और एमडी जैसे बड़े पदों पर बैठे लोगों को नोटिस भेजे हैं। विभाग ने उनसे कहा है कि वे अपनी टैक्स फाइलिंग की गलतियों को सुधार लें। ऐसा नहीं करने पर उन पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

ET के मुताबिक, विभाग ने ये नोटिस इसलिए भेजे हैं क्योंकि इन अधिकारियों ने विदेशी संपत्ति और विदेशों से होने वाली कमाई की जानकारी नहीं दी। इसके अलावा, शेयरों के जरिए होने वाली कमाई को कम दिखाया और घर या यात्रा जैसे भत्तों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया ताकि अपनी टैक्सेबल इनकम को कम किया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कई लोगों ने धार्मिक संस्थाओं, चैरिटेबल ट्रस्ट या स्कूलों को फर्जी दान दिखाकर टैक्स में छूट का दावा किया था।