NBT रिपोर्ट, मुंबई : शेयर बाजार रेगुलेटर सेबी ( Sebi ) अब पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) के नियमों को बदलने की तैयारी में है। सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने सोमवार को कहा है कि बाजार की जरूरतों को देखते हुए नियमों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा सेबी अब सोशल मीडिया पर निवेश की सलाह देने वाले इन्फ्लुएंसर्स पर नजर रखने के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद ले रहा है।
पांडेय ने यहां नैशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट के एक प्रोग्राम में बताया कि इसका मकसद इन नियमों को असरदार बनाना और आज के बदलते बाजार के हिसाब से ढालना है। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सेबी चीफ ने कहा कि 6 साल पुराने इन नियमों के कुछ हिस्सों को आसान और तर्कसंगत बनाने की जरूरत है। गौरतलब है कि सेबी ने हाल ही में SIF (स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स) नाम की एक नई कैटिगरी बनाई है, जो म्यूचुअल फंड और PMS के बीच का हिस्सा है।



