Pharmacy Student Sexually Harassed Professor Booked Principal Arrested
फार्मेसी की छात्रा ने प्रफेसर पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
नवभारत टाइम्स•
दादरी के विश्वेश्वरैया ग्रुप और इंस्टिट्यूट्स में बीफार्मा की छात्रा ने प्रफेसर पर यौन उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। छात्रा का रोते हुए वीडियो वायरल हुआ है। कार्रवाई न होने पर छात्रा ने खुदकुशी की धमकी दी है। मारपीट के आरोप में प्रफेसर ललित राणा और प्रिंसिपल प्रदीप पर केस दर्ज कर प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया गया है।
दादरी के विश्वेश्वरैया ग्रुप और इंस्टिट्यूशंस में मंगलवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने एक प्रोफेसर पर बीफार्मा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें छात्रा रोते हुए प्रैक्टिकल के दौरान बैड टच और मारपीट की बात कह रही है। छात्रा ने कार्रवाई न होने पर खुदकुशी की धमकी दी है। आरोप है कि इस मामले में बीच-बचाव करने वाले एक छात्र को भी बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने प्रोफेसर ललित राणा और प्रिंसिपल प्रदीप पर केस दर्ज कर लिया है और प्रिंसिपल को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस छात्रा के आरोपों की जांच कर रही है।
कॉलेज में बीफार्मा की चौथी साल की छात्रा ने बताया कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान प्रोफेसर प्रदीप राणा ने उसके साथ छेड़छाड़ की और मारपीट भी की। छात्रा के अनुसार, प्रोफेसर ने उसे धक्का दिया और गलत तरीके से छुआ। छात्रा ने अपने वायरल वीडियो में कहा कि जब उसने इस घटना की जानकारी कॉलेज के प्रिंसिपल को दी, तो उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी। बल्कि उसे फेल करने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी। छात्रा ने साफ कहा कि अगर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपनी जान दे देगी।छात्रा का यह भी आरोप है कि जब एक छात्र ने उसका पक्ष लिया, तो उसे इतना पीटा गया कि उसकी नाक और कान से खून बहने लगा। इस घटना के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की है।
एडीसीपी ग्रेनो, सुधीर कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले में पीड़ित छात्र की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रा ने टीचर पर जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उस मामले में भी उचित कार्रवाई की जाएगी। यह पूरा मामला कॉलेज में छात्रों के बीच गुस्से का माहौल पैदा कर रहा है और प्रशासन पर दबाव बना रहा है कि वह निष्पक्ष जांच करे और दोषियों को सजा दे।