NBT रिपोर्ट, बागपत: बागपत जिले में मंगलवार सुबह मजदूरी करने जा रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा दिल्ली-सहारनपुर नैशनल हाइवे पर बावली गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक युवक की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मृतक का छोटा भाई सावेज गंभीर रूप से घायल हो गया। सावेज को बागपत जिले के बड़ौत कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक हारुन के पिता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह उनके बेटे मजदूरी करने गांगनौली गांव जा रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर नैशनल हाइवे पर बावली गांव के पास कोहरा अधिक होने के कारण अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हारून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सावेज घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कहा कि अज्ञात वाहन और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


