संभल में अवैध निर्माण की शिकायत पर प्रशासन ने मंगलवार को 40 मकानों की पैमाइश कराई। मामला जिले के हयातनगर क्षेत्र के वाजिदपुर सराय की है। आरोप है कि 40 मकान तालाब की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए हैं। पैमाइश के दौरान पांच थानों की पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। प्रशासन के मुताबिक मंगलवार सुबह 11 बजे नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल की अगुवाई में राजस्व टीम वाजिदपुर सराय पहुंची। उनके साथ चार कानूनगो और 20 लेखपाल गए। गांव के नक्शे के आधार पर गाटा संख्या 332 में दर्ज 5 बीघा तालाब की भूमि को चिह्नित किया गया। एक-एक मकान की पैमाइश की गई। नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल ने बताया कि इन मकानों की पहले भी दो बार पैमाइश कराई जा चुकी है। शिकायत के आधार पर करीब 40 मकानों को चिह्नित किया गया है। हालांकि इन मकानों का निर्माण लगभग 25 साल से पहले हुआ है। संभल तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक तालाब की भूमि की पैमाइश करने वाली टीम में नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल, कानूनगो पंकज गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, अमीचंद्र, चंद्रपाल सिंह और लेखपाल आयुष कुमार, शहराज उसमानी शामिल रहे। संभल में लगातार तालाब की जमीन से कब्जा हटाने का काम चल रहा हैं। हालांकि इस कार्रवाई से लोग नाखुश हैं।


