NBT रिपोर्ट, मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में एक दिन की राहत के बाद मंगलवार को फिर से गिरावट देखने को मिली। रिलायंस इंडस्ट्रीज, L&T और एयरटेल में हुई बिकवाली और अमेरिका की तरफ से टैरिफ बढ़ाए जाने की चिंता ने निवेशकों को निराश किया। सेंसेक्स 250.48 अंक (0.30%) गिरकर 83,627.69 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 615 अंकों तक की बड़ी गिरावट भी आई थी। निफ्टी भी 57.95 अंक (0.22%) लुढ़क कर 25,732.30 पर आ गया। TCS के कमजोर नतीजों ने मार्केट सेंटिमेंट को बिगाड़ा। बीएसई स्मालकैप इंडेक्स 0.46% चढ़ गया, जबकि मिडकैप में 0.16% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, दिल्ली में चांदी की कीमत 6,000 रुपये उछलकर 2,71,000 रुपये प्रति किलो के नए ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई। सोना भी 400 रुपये महंगा होकर 1,45,000 प्रति 10 ग्राम के रेकॉर्ड लेवल पर जा पहुंचा।

