बदायूं की मैंथा फैक्ट्री में तीन शव मिले, तीन पर FIR, फैक्ट्री सील

नवभारत टाइम्स

बदायूं की एक मैंथा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह तीन कर्मचारियों के शव मिले। मृतकों में एक सुपरवाइजर और दो सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

बदायूं की मैंथा फैक्ट्री में तीन शव मिले, तीन पर FIR, फैक्ट्री सील
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

बदायूं के मैंथा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह एक सुपरवाइजर और दो सिक्योरिटी गार्ड के शव मिले हैं। तीनों के शव केबिन में पड़े मिले। परिजनों के साथ ग्रामीणों ने फैक्ट्री में हंगामा किया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फैक्ट्री मालिक समेत तीन के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि तीनों कर्मचारी सोमवार रात केबिन में अंगीठी जलाकर सोए थे। दम घुटने से मौत होने की आशंका है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी। फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक बदायूं के गांव कुड़ा नरसिंहपुर स्थित मैंथा फैक्ट्री कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह केबिन में सिक्योरिटी गार्ड जुगेंद्र यादव (30), भानू यादव (26 ), और विवेक यादव को जमीन पर मृत पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन हंगामा करने लगे। काफी देर तक शव नहीं उठाने दिए। जुगेंद्र यादव के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने कहा कि तीनों शवों पर चोट के निशान नहीं हैं। केबिन में अंगीठी रखी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने से तीनों की मौत हुई। मरने वाले जुगेंद्र के पिता राम बहादुर ने शिकायत में बताया कि उनका बेटा फैक्ट्री में सुपरवाइजर था। विवेक और भानू उसके साथ काम करते थे। आरोप लगाया कि रात में फैक्ट्री के मालिक ने साथियों के साथ मिलकर तीनों की हत्या कर दी और शवों को घसीटकर केबिन में डाल दिया। दावा किया कि मृतकों के शरीर पर घसीटे जाने के निशान भी मौजूद हैं।