डिवाइडर से टकराई गाड़ी, MNC कर्मी की जान गई

नवभारत टाइम्स

गोल्फकोर्स रोड पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले सिविल इंजीनियर अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

speeding car hits divider mnc employee dies three injured
गुड़गांव में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले सिविल इंजीनियर अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार उनके तीन अन्य साथी घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार देर रात गोल्फकोर्स रोड पर हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और ट्रैफिक जाम को खुलवाया।

जानकारी के अनुसार, मृतक अनिल कुमार कोटपूतली के फतेहपुर के रहने वाले थे और उनकी उम्र 30 साल थी। वे उद्योग विहार की एक कंपनी में सिविल इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे, अनिल अपने सहकर्मी मिथलेश और मोहित के साथ कार में सवार होकर बिलाल को फरीदाबाद छोड़ने जा रहे थे। जब उनकी कार सेक्टर-42-43 के पास अंडरपास में पहुंची, तो अचानक चालक का कार से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार के कारण कार सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। कार में पीछे की सीट पर बैठे अनिल कुमार को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए गोल्फकोर्स रोड पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। DLF फेज-1 पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि कार चला रहे युवक शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच में शराब पीकर गाड़ी चलाने की बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।