US से डील के खिलाफ भाकियू ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव

नवभारतटाइम्स.कॉम
bhartiya kisan unions collectorate siege against us deal farmers warn government
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के आह्वान पर सोमवार को किसानों ने गाजियाबाद कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इसके लिए सुबह से ही भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित भोजपुर टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र होने लगे। किसानों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचना चाहते थे और जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाना चाहते थे। किसानों के अनुसार जब उनका काफिला गाजियाबाद के लिए रवाना होने लगा तो भोजपुर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि किसानों ने आरोप लगाया कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे। पुलिस के प्रयासों के बावजूद किसान नहीं रुके और अपने वाहनों व ट्रैक्टरों के साथ गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने अमेरिका-इंडिया डील का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि यह डील किसानों के हितों के विपरीत है और यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से मुस्तफा, हामिद चौधरी, जावेद चौधरी, रहसुदीन, सकिंदर चौधरी, रिजवान चौधरी, अजीत चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल रहे।

रेकमेंडेड खबरें