बीकेयू का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

नवभारतटाइम्स.कॉम
bku protest at collectorate memorandum submitted to administration on pending farmer demands
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान सूरजपुर गोलचक्कर पर एकत्र हुए, जहां से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना देने को लेकर किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई।
किसान मुख्य गेट पर बैठकर प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटाकर निर्धारित स्थान पर भेज दिया। इससे कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। धरने में बीकेयू के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसानों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने किसानों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने, सर्कल रेट में वृद्धि करने, अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा देने और 10 प्रतिशत विकसित आवासीय प्लॉट देने की मांग उठाई।

उन्होंने किसानों के बच्चों को रोजगार देने और विस्थापन नीति में संशोधन की भी मांग की। किसानों ने निजी स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों में किसानों के परिवारों को शुल्क एवं इलाज में रियायत देने की मांग भी सरकार के सामने रखी। इसके अलावा बिजली विभाग पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार और किसानों का उत्पीड़न बंद करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। किसानों ने दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि यदि किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। प्रदर्शन के बाद किसानों ने प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपकर सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

रेकमेंडेड खबरें