Greater Noida Npcl Cuts Power 400 Families In Darkness Builder Accused Of Violating Rules
NPCL ने काटी सोसायटी की बिजली, 400 परिवार परेशान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
सूरजपुर साइट-सी स्थित ओएसिस वेनेशिया हाइट्स सोसायटी में बिल्डर अस्थायी कनेक्शन पर फ्लैटों में बिजली उपलब्ध करा रहा था। यह कनेक्शन सोसायटी के निर्माण के लिए लिया गया था। ग्रेटर नोएडा में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी एनपीसीएल ने मंगलवार सुबह सोसायटी का कनेक्शन काट दिया। इस कारण 400 से अधिक परिवार परेशान हैं। डीजी के सहारे जरूरी उपकरण व लिफ्ट चलाए जा रहे हैं। बिल्डर प्रबंधन ने लोगों से हेवी लोड वाले उपकरण यूज न करने की अपील की है। बिल्डर ने परियोजना के निर्माण कार्य के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लिया था। परियोजना पूरी होने के बाद भी स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं लिया गया। एनपीसीएल का कहना है कि यह यूपीईआरसी के नियमों का उल्लंघन है। इसी आधार पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अस्थायी कनेक्शन काट दिया गया। कनेक्शन कटने के बाद सोसायटी में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुबह से बिजली नहीं होने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। कई लोग वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे, जिन्हें इंटरनेट और बिजली की समस्या के चलते परेशानी हुई। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के कारण फ्लैटों में रहना मुश्किल हो गया।
यहां के निवासी कन्हैया कुमार ने बताया कि सोसायटी में इस समय 400 से अधिक परिवार रह रहे हैं। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से सभी लोग प्रभावित हुए। नित्या कुमार ने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को परेशानी हुई।