हिंडन का जलस्तर घटा, कॉलोनियों में पानी भरने से दहशत

नवभारतटाइम्स.कॉम
हिंडन का जलस्तर घटा, कॉलोनियों में पानी भरने से दहशत
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

हिंडन नदी का जलस्तर सोमवार के मुकाबले मंगलवार को गिरकर 199 मीटर तक पहुंच गया है। इससे नदी किनारे बाढ़ का तत्काल खतरा कुछ कम हुआ है, लेकिन डूब प्रभावित कॉलोनियों में कई दिनों से भरे पानी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार जलभराव के कारण मकानों की नींव कमजोर होने लगी है और दीवारों में दरार आने की शिकायतें आ रही हैं। लोगों को अब मकान गिरने का डर सता रहा है। यूसुफपुर चक शाहबेरी और आसपास के निचले इलाकों में कई घरों के अंदर अब भी पानी भरा हुआ है। पानी की निकासी नहीं होने से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित है। परिवार अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुके हैं, जबकि कुछ लोग रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कॉलोनियों से पानी निकलने में अभी कई दिन लग सकते हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से कमजोर मकानों में रहने से बचने की अपील की है। अधिकारियों की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत शिविरों में ठहरे परिवारों को भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि किसी मकान में दरार या झुकाव दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।

रेकमेंडेड खबरें