Land Acquisition Pending Cases In Ghaziabad To Be Settled In One Week District Magistrate
‘भूमि अधिग्रहण के लंबित मामले एक हफ्ते में निपटाएं’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
जिलाधिकारी ने सोमवार को जिले में चल रही विभिन्न भूमि अधिग्रहण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन), गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), एनएचएआई, एनसीआरटीसी, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, सेतु निगम और यूपीसीडा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।डीएम ने एनसीआरटीसी से जुड़े भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, उन्हें मुआवजे का भुगतान पूरी पारदर्शिता और तय समयसीमा में किया जाए। तहसील स्तर पर जांच के लिए लंबित आवेदनों की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराकर भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्राम निवाड़ी में यूपीसीडा की ओर से सीधे भूमि खरीद की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया, ताकि विकास परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें। राष्ट्रीय राजमार्ग-709बी (दिल्ली-यूपी गेट से बागपत मार्ग) के लिए अधिग्रहित भूमि के स्वामियों को नोटिस जारी कर जल्द मुआवजा देने के निर्देश भी दिए गए।