बैंक ऑफ बड़ौदा में डेटा चोरी, कर्मचारी का ईमेल हैक
बैंक ऑफ बड़ौदा में डेटा चोरी, कर्मचारी का ईमेल हैक
नवभारतटाइम्स.कॉम•
पीटीआई, मुंबई
पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ बड़ौदा ( BoB ) ने सोमवार को जानकारी दी कि उसके एक कर्मचारी का ईमेल अकाउंट हैक होने की वजह से कुछ डेटा तक गलत तरीके से पहुंच बनाई गई है। हालांकि, बैंक ने यह भी साफ किया है कि हमलावर उसके कोर बैंकिंग सिस्टम तक नहीं पहुंच पाए हैं और वह पूरी तरह सुरक्षित है।बैंक ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, यह मामला एक कर्मचारी के ईमेल अकाउंट के साथ हुई छेड़छाड़ से जुड़ा है, जिसकी वजह से कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच हुई है। बैंक का कहना है कि जैसे ही इस बात का पता चला, तुरंत इसे रोकने के लिए कदम उठाए गए। हालांकि, बैंक ने इस बारे में और ज्यादा जानकारी नहीं दी है कि यह घटना कब हुई या वह कर्मचारी किस पद पर तैनात था। बैंक का यह बयान उन मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बाद आया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि बैंक का 1 TB (टेराबाइट) से ज्यादा डेटा चोरी हो गया है। इन खबरों में यह भी कहा गया था कि ग्राहकों की निजी जानकारी और आधार डिटेल्स हैक कर ली गई हैं और उन्हें डार्क वेब पर मुफ्त में डाल दिया गया है।
इस मामले में बैंक ने कहा कि उसके पास सुरक्षा के बहुत मजबूत इंतजाम हैं। इस मामले की गहराई से फरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।