32 Lakhs Of Illegal Liquor Seized In Jhajjar Two Arrested Along With Canter
32 लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी, दो अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, झज्जर
पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 32 लाख रुपये कीमत की 454 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर से भरे एक कैंटर को पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीपी क्राइम शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि सीआईए झज्जर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग का टाटा-1916 कैंटर, जिसके पीछे तिरपाल लगा हुआ है, बेरी की तरफ से जहाजगढ़ की ओर जाएगा और उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम ने बेरी-जहाजगढ़ रोड पर गांव एमपी माजरा मोड़ के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध कैंटर पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया और कैंटर को रोक लिया। जांच में पाया गया कि वाहन की नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाकर वास्तविक नंबर को छिपाने का प्रयास किया गया था। चालक ने अपनी पहचान मनीष दहिया निवासी शादिपुर, जिला रेवाड़ी और परिचालक ने बिट्टू निवासी नारंगी बांदा, आसाम के रूप में बताई। कैंटर की तलाशी ली तो उसके अंदर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की पेटियां बरामद हुईं। मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। संयुक्त जांच के दौरान कुल 454 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें रॉयल मेंशन गोल्ड व्हिस्की, इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब तथा किंगफिशर बीयर शामिल थी। आरोपी कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद अवैध शराब और कैंटर को कब्जे में ले लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।