Cxmts Ipo Blast 500 Jump In Stock Market Becomes Chinas Most Valuable Chip Company
500% उछाल, बाज़ार में कदम रखते ही सबसे कीमती चीनी कंपनी बनी CXMT
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट : चीन की मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनी CXMT (ChangXin Memory Technologies) ने शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है। IPO के जरिए करीब 8.6 अरब डॉलर जुटाने के बाद कंपनी के शेयरों ने पहले ही दिन 500% की छलांग लगाई, जिससे यह चीन की सबसे कीमती लिस्टेड कंपनी बन गई है।
क्या है CXMT? : TOI के मुताबिक, CXMT चीन की प्रमुख कंपनी है जो डायनेमिक रैंडम-एक्सेस मेमोरी (DRAM) चिप बनाती है। ये चिप स्मार्टफोन, पर्सनल कंप्यूटर, सर्वर, AI सिस्टम और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक चीजों में डेटा को अस्थाई तौर पर मेमोरी के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।क्यों मिला फायदा? : कंपनी को पिछले साल से मेमोरी चिप्स की वैश्विक मांग बढ़ने का काफी फायदा मिला है, जो खासकर AI के बढ़ते इस्तेमाल की वजह से हुआ है।
क्या रही वजह? : रिपोर्ट के मुताबिक, शंघाई शेयर बाजार में CXMT की 500% से ज्यादा की बढ़त दिखाती है कि निवेशक घरेलू चिप कंपनियों को लेकर कितने उत्साहित हैं।
क्या है ट्रेंड? : यह उछाल बताता है कि निवेशक उन कंपनियों के लिए बड़ी कीमत चुकाने को तैयार हैं जो पूरी तरह से चिप बनाने का काम करती हैं। यह लिस्टिंग इस बात का भी सबूत है कि चीनी निवेशक अपनी चिप कंपनियों पर कितना भरोसा कर रहे हैं। दूसरी तरफ दुनिया भर के टेक्नॉलजी शेयर कभी AI के नाम पर ऊपर जाते हैं तो कभी मंदी के डर से नीचे।
चीन के लिए क्यों अहम? : चीन के लिए CXMT रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दूसरे देशों से आने वाली चिप और तकनीक पर निर्भरता कम करने में मदद करती है। चीन सालों से इस कोशिश में लगा है। जब से अमेरिका और सहयोगियों ने अडवांस चिप और मशीनरी के निर्यात पर पाबंदियां लागू की हैं, तब से चीन की यह कोशिश और तेज हो गई है।
क्या है चुनौती? : CXMT दुनिया की चौथी सबसे बड़ी DRAM कंपनी बन गई है, लेकिन यह आधुनिक तकनीक में दिग्गजों से पीछे है। कंपनी खासकर हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) चिप्स के मामले में पिछड़ी हुई है, जो Nvidia जैसी कंपनियों के AI प्रोसेसर के लिए बहुत जरूरी होती हैं। HBM बाजार पर अभी भी सैमसंग और SK हाइनिक्स का दबदबा है।
खतरे क्या हैं? : चिप बाजार के उतार-चढ़ाव के अलावा, CXMT के सामने अमेरिकी पाबंदियां सबसे बड़ी चुनौती हैं। पिछले महीने अमेरिकी रक्षा विभाग ने CXMT को चीनी सैन्य कंपनी का दर्जा दे दिया। खबरें यह भी हैं कि अमेरिका इसे अपनी प्रतिबंधित सूची में डालने पर विचार कर रहा है, हालांकि अभी यह फैसला लागू नहीं हुआ है।