NBT रिपोर्ट, मेरठ: मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले के मामले में किसान नेता और किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर किसान नेता के बेटे, भाई और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, तितावी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी ओमवती ने शिकायत देकर बताया था कि शनिवार सुबह उनका बेटा दुष्यंत गाय लेकर जंगल गया था। लौटते समय रास्ते में किसान नेता ठाकुर पूरन सिंह से साइड को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज भी हुई, जिसके बाद दुष्यंत घर लौट आया। शनिवार को आरोपियों ने दुष्यंत को पकड़कर पीट दिया।






