उत्तम नगर में गैस एजेंसी खुलनेके पहले ही लगीं लोगों की लाइनें

नवभारत टाइम्स

उत्तम नगर में गैस की किल्लत जारी है। एक गैस एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग कई दिनों से सिलेंडर बुक कराने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें सही जवाब नहीं मिल रहा है। कुछ लोग मजबूरी में इंडक्शन खरीद रहे हैं। सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर कालाबाजारी की जा रही है।

long queues outside gas agency in uttam nagar people troubled
दिल्ली में गैस की किल्लत से लोग बेहाल हैं। उत्तम नगर के मंगल बाजार रोड पर एक गैस एजेंसी के बाहर मंगलवार को भी लंबी कतारें लगी रहीं। लोग सुबह से लाइन में लगे थे, लेकिन उन्हें न तो सिलेंडर मिल रहा था और न ही कोई सही जवाब। कई लोग परेशान होकर खाली हाथ लौट रहे थे।

सुमन नाम की एक महिला ने बताया कि उन्होंने 10 मार्च को सिलेंडर बुक करवाया था, लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आया। पहली बार ऐसी परेशानी हो रही है, इसलिए मजबूरी में उन्हें इंडक्शन चूल्हा खरीदना पड़ा। आकाश ने बताया कि उन्होंने 4 मार्च को ही सिलेंडर बुक कर दिया था, लेकिन एजेंसी वाले कह रहे हैं कि दोबारा बुक करो। वे सुबह 8:30 बजे से लाइन में लगे हैं।
रंजन सरकार ने कहा कि कई दिन हो गए हैं बुकिंग करवाए हुए। एजेंसी वाले हर बार कहते हैं कि दो दिन बाद मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। जनता परेशान है और कई दिनों से चक्कर लगा रही है। सरकार को इस मामले में तुरंत कोई कार्रवाई करनी चाहिए।

नवीन कुमार ने आरोप लगाया कि एजेंसी वाले सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर लोगों को वापस भेज देते हैं। लेकिन बाहर खुले बाजार में सिलेंडर ब्लैक में मिल रहा है। उनका कहना है कि यह सब कालाबाजारी है और सरकार को इन पर एक्शन लेना चाहिए। लोग गैस की कमी से जूझ रहे हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे क्या करें। इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द होना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।