Mlas Son Slaps Toll Worker Fir Registered After Video Goes Viral
टोलकर्मी को थप्पड़ मारते MLA के बेटे का विडियो वायरल, FIR
नवभारत टाइम्स•
आगरा के रायभा टोल प्लाजा पर बीजेपी विधायक के बेटे सुरेश चौधरी ने टोलकर्मी संजय सिंह को थप्पड़ मारा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला दर्ज किया गया। टोलकर्मी के भाई ने कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी। विधायक पुत्र ने वीआईपी पास होने के बावजूद बैरियर खोलने में देरी पर मारपीट की।
आगरा के रायभा टोल प्लाजा पर एक हफ्ते पहले हुई मारपीट के मामले में आखिरकार शनिवार को अछनेरा थाने में फतेहपुर सीकरी के बीजेपी विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। यह घटना 24 फरवरी को हुई थी, जब विधायक के बेटे ने कथित तौर पर टोल कर्मचारी संजय सिंह के साथ मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काफी हंगामा हुआ था। टोलकर्मी के भाई ने कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी।
जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को विधायक चौधरी बाबूलाल का बेटा सुरेश चौधरी अपने परिवार के साथ रायभा टोल प्लाजा पर पहुंचा था। आरोप है कि उनकी गाड़ी पर वीआईपी पास लगा होने के बावजूद करीब 2 मिनट तक बैरियर नहीं खोला गया। इस देरी से नाराज होकर सुरेश चौधरी गाड़ी से उतरे और टोल पर मौजूद कर्मचारी संजय सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उन्होंने संजय सिंह के गाल पर थप्पड़ भी मारे। यह पूरी घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो बाद में वायरल हुआ।मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर टोलकर्मी के भाई ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि अगर जल्द ही मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो वह आत्मदाह कर लेंगे। इस चेतावनी के बाद पुलिस हरकत में आई और शनिवार को विधायक के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से भी मामले ने तूल पकड़ा था।