चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या

नवभारत टाइम्स

सुल्तानपुर के बंधुआकला में एक सनसनीखेज वारदात हुई। दाउदपुर मनियारी गांव में खेत में बकरी जाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाई शेहरु ने बुजुर्ग चचेरे भाई शाहिद को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शाहिद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

sultanpur dispute over goat entering field cousin shoots elderly man dead
सुलतानपुर के बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज चौकी के दाउदपुर मनियारी गांव में रविवार को एक मामूली कहासुनी खूनी वारदात में बदल गई। खेत में बकरी घुसने को लेकर हुए विवाद में एक शख्स ने अपने बुजुर्ग चचेरे भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यह घटना दाउदपुर मनियारी गांव में हुई। गांव के रहने वाले 62 वर्षीय शाहिद का अपने 45 वर्षीय चचेरे भाई शेहरु से खेत में बकरी घुसने को लेकर झगड़ा हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि शेहरु गुस्से में घर से तमंचा ले आया। उसने फौरन शाहिद पर गोली चला दी। गोली लगने से शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल शाहिद को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू रेफर कर दिया गया। लेकिन अफसोस की बात यह रही कि अस्पताल पहुंचते-पहुंचते रास्ते में ही शाहिद ने दम तोड़ दिया।

इस मामले में एसपी चारु निगम ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी शेहरु की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।