Bjp Attacks Aaps Anarchic Policy Raises Questions On Kejriwals Appearance Before Privileges Committee
AAP के नेताओं की नीति आज भी अराजक: BJP
नवभारत टाइम्स•
बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के नेताओं की नीति को अराजक बताया है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप नेता विधानसभा की समितियों को भी अराजकता से चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, आतिशी और सौरभ भारद्वाज जैसे नेता नियमों को नहीं जानते।
नई दिल्ली: दिल्ली बीजेपी ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं द्वारा फांसी घर मामले में दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने अरविंद केजरीवाल की पेशी को लेकर की गई बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। बीजेपी का कहना है कि आप नेता नियमों को ताक पर रखकर विधानसभा की कार्यवाही को अराजक बनाना चाहते हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप नेताओं पर आरोप लगाया कि वे 11 साल सत्ता में रहने के बाद भी यह नहीं समझते कि विशेषाधिकार समिति की कार्रवाई गोपनीय होती है और इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनके साथी एक हफ्ते से विशेषाधिकार समिति की कार्रवाई के लाइव प्रसारण की मांग कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि आप नेता 'फांसी घर' को प्रमाणित करने का प्रयास करेंगे। लेकिन, समिति की बैठक में केजरीवाल ऐसा कोई भी ठोस सबूत या तर्क पेश नहीं कर पाए, जिससे यह साबित हो सके कि पुराने सचिवालय परिसर में 'फांसी घर' था। इससे यह साफ हो जाता है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री केजरीवाल और तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने बिना किसी आधार के पुराने सचिवालय के एक कमरे को 'फांसी घर' घोषित कर दिया था।बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि आतिशी और सौरभ भारद्वाज जैसे नेताओं ने अपने बयानों में जिस तरह के अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, वह उनकी राजनीतिक हताशा को दिखाता है। सचदेवा ने कहा कि आप की विधायी काम करने की नीति सत्ता में रहते हुए भी अराजक थी और अब विपक्ष में होने के बावजूद वे विधानसभा की समितियों को अराजकता से चलाना चाहते हैं। यह बेहद खेदजनक है।
सचदेवा ने इस बात पर जोर दिया कि विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही की प्रकृति गोपनीय होती है। इसे किसी भी सूरत में सार्वजनिक या प्रसारित नहीं किया जा सकता। आप नेताओं का इस नियम का उल्लंघन करना उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनके साथियों को नियमों का पालन करना सीखना चाहिए।
बीजेपी ने आप नेताओं के विरोध प्रदर्शन को नियमों के खिलाफ और विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया। सचदेवा ने कहा कि आप नेता जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। वे असल मुद्दों से भाग रहे हैं और केवल हंगामा खड़ा कर रहे हैं। बीजेपी इस तरह की हरकतों का पुरजोर विरोध करती है।