मेड ने घर से उड़ाया साढ़े 12 लाख का डायमंड सेट

नवभारत टाइम्स

गुड़गांव में एक परिवार ने अपनी मेड पर साढ़े 12 लाख रुपये का डायमंड सेट चुराने का आरोप लगाया है। मेड डेढ़ साल से घर में बच्चों की मालिश का काम कर रही थी। छुट्टी पर गांव गई मेड ने चोरी की बात कबूल की थी। संपर्क करने पर उसने सेट लौटाने का वादा किया था।

maid stole diamond set worth 1250 lakhs from home was massaging children for 15 years
गुड़गांव के सेक्टर-54 में एक परिवार ने अपनी मेड पर करीब 12.50 लाख रुपये का डायमंड सेट चुराने का आरोप लगाया है। यह मेड डेढ़ साल से उनके घर में बच्चों की मालिश का काम कर रही थी। थाना सेक्टर-53 पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

सनसिटी सेक्टर-54 के रहने वाले सारांश त्रेहन ने पुलिस को बताया कि उनके घर में कुल सात-आठ नौकर काम करते हैं। इनमें से एक आसिमा बरमन भी थी, जो पश्चिम बंगाल के कूच बिहार की रहने वाली है। आसिमा करीब डेढ़ साल से उनके घर में बच्चों की मालिश करती थी, जबकि उसका पति वहां रसोइए (कुक) का काम करता था।
पिछले साल 13 नवंबर को आसिमा छुट्टी लेकर अपने गांव चली गई थी। उस समय त्रेहन परिवार घर पर मौजूद नहीं था। कुछ दिनों बाद, जब त्रेहन की पत्नी को कहीं जाने के लिए डायमंड सेट की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने अलमारी में रखा सेट ढूंढा, लेकिन वह गायब था।

जब परिवार ने आसिमा से फोन पर संपर्क किया, तो उसने डायमंड सेट चुराने की बात स्वीकार कर ली। उसने कहा कि उससे गलती हो गई है और वह जल्द ही गुड़गांव आकर सेट वापस कर देगी। लेकिन इसके बाद न तो वह गुड़गांव आई और न ही उसने परिवार से कोई संपर्क किया। कुछ समय बाद उसका मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।