बहन की हत्या के आरोप में भाई अरेस्ट, भेजा गया जेल

नवभारत टाइम्स

मुरादाबाद में एक भाई ने अपनी सगी बहन हिमशिखा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उसने मां पर भी हमला किया, जो घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी हार्दिक को 24 घंटे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में पता चला कि भाई अपनी प्रेमिका को लेकर बहन से विवाद करता था।

बहन की हत्या के आरोप में भाई अरेस्ट, भेजा गया जेल
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट, मुरादाबाद: मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार में शुक्रवार को एक युवक ने अपनी सगी बहन की चाकू गोदकर हत्या कर दी और मां पर भी हमला कर दिया। हमले में मां घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी भाई को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना बुद्धि विहार स्थित आर्यन इंटरनैशनल स्कूल के पास गणेश पार्क इलाके की है। मृतका की पहचान हिमशिखा (25) के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। आरोपी उसका जुड़वां भाई हार्दिक है, जो गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में नौकरी करता है। दोनों भाई-बहन गुरुग्राम में साथ रहते थे और होली की छुट्टी पर मुरादाबाद अपने घर आए हुए थे। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि हार्दिक ने बहन पर चाकू से करीब 40 वार किए थे। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड पुणे की रहने वाली मुस्लिम युवती है। आरोपी का कहना है कि उसकी बहन इस दोस्ती को खत्म कराने की कोशिश कर रही थी, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था।