Woman Traveling On Train Gate Dies Tragically Accident During Track Change
गेट पर खड़ी महिला झटका लगने से ट्रैक पर गिरी, गई जान
नवभारत टाइम्स•
गुड़गांव में एक दुखद हादसा हुआ। शालीमार एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला ट्रेन के गेट पर खड़ी थी। ट्रैक बदलते समय लगे झटके से वह नीचे गिर गई। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान नोएडा की आंचल त्यागी के रूप में हुई है।
गुड़गांव में शालीमार एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला की ट्रेन के गेट पर खड़े होने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक बदलने के दौरान लगे झटके से वह नीचे गिर गईं। मृतका की पहचान 31 वर्षीय आंचल त्यागी के रूप में हुई है, जो नोएडा के मकसूदपुर की रहने वाली थीं। यह घटना गुड़गांव-बिजवासन रेलवे स्टेशन के बीच चौमा फाटक के पास हुई।
आंचल त्यागी 9 फरवरी को अपने भाई से मिलने गुड़गांव आई थीं। शुक्रवार को वह अपनी मां ममता के साथ मेरठ जाने के लिए गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर शालीमार एक्सप्रेस में सवार हुईं। ट्रेन में काफी भीड़ थी, इसलिए आंचल ट्रेन के अंदर जगह नहीं बना पाईं और कोच के गेट पर ही खड़ी हो गईं।जैसे ही ट्रेन चौमा फाटक के पास पहुंची, रेलवे ट्रैक बदलने के लिए ट्रेन को अचानक झटका लगा। गेट पर खड़ी आंचल इस झटके को संभाल नहीं पाईं और सीधे नीचे पटरी पर गिर गईं। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।