Minor Dispute Turns Violent In Khandawali Village Attack With Scissors And Stones Several Injured
खंदावली गांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई घायल
नवभारत टाइम्स•
फरीदाबाद के खंदावली गांव में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई झड़प में धारदार हथियार और पत्थरबाजी का इस्तेमाल हुआ। इस घटना में करीब पांच से सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जांच में पुरानी आपसी रंजिश का मामला सामने आया है।
फरीदाबाद के खंदावली गांव में ईद से ठीक पहले दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। रात करीब 10 बजे राशिद और शोएब नाम के दो युवक एक दर्जी की दुकान पर अपने कपड़े पहले सिलवाने को लेकर भिड़ गए। बात इतनी बढ़ी कि शोएब ने दर्जी की कैंची से राशिद पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें 5 से 7 लोग घायल हो गए और कई मकानों के शीशे टूट गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
यह पूरा मामला फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के खंदावली गांव का है। ईद के मौके पर नए कपड़े सिलवाने के लिए राशिद और शोएब नाम के दो युवक एक दर्जी की दुकान पर पहुंचे थे। दोनों अलग-अलग गुटों से ताल्लुक रखते हैं। रात करीब 10 बजे दोनों ने दर्जी पर दबाव बनाया कि उनके कपड़े पहले सिला जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शोएब ने गुस्से में दर्जी की कैंची उठाई और राशिद के हाथ और जांघ पर वार कर दिया, जिससे राशिद घायल हो गया।चीख-पुकार सुनकर दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए और मामला और बिगड़ गया। इसके बाद दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस पथराव में दोनों पक्षों के करीब 5 से 7 लोग घायल हो गए। राशिद को कैंची से चोट आई थी, वहीं जावेद के सिर में पत्थर लगने से वह भी घायल हो गया। करीब 10 से 15 मिनट तक लगातार पत्थरबाजी चलती रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के मुताबिक, पत्थरबाजी रुक-रुक कर काफी देर तक चलती रही, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। आसपास के कई मकानों के शीशे भी इस पत्थरबाजी में टूट गए।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक झगड़ा कर रहे लोग वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
ईद से एक दिन पहले हुई इस घटना के कारण गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस को गांव में तैनात करना पड़ा। सूचना पर सेक्टर 58 पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ रातभर गांव में मौजूद रही। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी आपसी रंजिश का लग रहा है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, सीकरी पुलिस चौकी, सेक्टर 55 पुलिस चौकी, क्राइम ब्रांच 56 और थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक पुलिस को एक पक्ष की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने गांव में ईद की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया था।