Anup Jalota And Surabhi Ranjan Received Naushad Samman A Gathering Was Organized At Avadh Mela
अनूप जलोटा, सुरभि को नौशाद सम्मान
नवभारत टाइम्स•
अवध मेले में पद्मश्री अनूप जलोटा और सुरभि रंजन को नौशाद सम्मान से नवाजा गया। सैन्य अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में यह सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। अनूप जलोटा ने भजनों और गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। समीर-दीपाली की जोड़ी ने भी जोशीले गीतों से माहौल में रंग भरा।
लखनऊ : लखनऊ के सूर्या खेल परिसर में हुनर क्रिएशन और क्राफ्ट असोसिएशन द्वारा आयोजित अवध मेले में पद्मश्री अनूप जलोटा और सुरभि रंजन को ‘ नौशाद सम्मान ’ से नवाजा गया। सैन्य अधिकारियों और हजारों जवानों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पर्यटन और उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने भी सहयोग किया। इस दौरान समीर-दीपाली, शीर्षा रक्षित, समरजीत रंधावा, बिस्वरूप बनर्जी, दीपांशी यादव और ड्रमर तन्मय मुखर्जी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर ले. जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता और मेजर जनरल मनीष कुकरेती मौजूद रहे। उन्होंने मंच पर आकर कलाकारों को सम्मानित किया। पद्मश्री अनूप जलोटा ने अपने भजनों से समां बांध दिया। उन्होंने "ऐसी लागी लगन..." और "अच्युतम केशवम..." जैसे भजनों से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने "मैं शायर तो नहीं..." और "जीना यहां मरना यहां..." जैसे गीतों से लोगों को भावुक कर दिया।अनूप जलोटा के बाद समीर-दीपाली की जोड़ी ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल में जोश भर दिया। उन्होंने "जाने जां ढूंढता फिर रहा..." से शुरुआत की। फिर उन्होंने "आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा..." और "दम मारो दम..." जैसे गाने गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस कार्यक्रम में हुनर क्रिएशन और क्राफ्ट असोसिएशन ने उत्तर प्रदेश पर्यटन और उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के साथ मिलकर अवध मेले का आयोजन किया था। यह मेला छावनी के सूर्या खेल परिसर में रविवार को हुआ।