रोड पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण से लगता है जाम

नवभारत टाइम्स

गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में यूएनआई पॉकेट सोसायटी के लोग जाम से परेशान हैं। सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण के कारण लोगों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। पिक टाइम में छोटी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है। आवारा कुत्तों का आतंक और पार्कों में असामाजिक तत्वों की मौजूदगी से लोग सहमे हुए हैं।

ghaziabad severe traffic jam in vasundhara sector 13 due to haphazard parking and encroachment making life difficult for residents
गाजियाबाद की वसुंधरा सेक्टर-13 स्थित यूएनआई पॉकेट सोसायटी में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। सड़कों पर खड़े वाहनों और अवैध कब्जों के कारण आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है। पीक आवर्स में अटल चौक से किशन चौक तक की महज़ 600 मीटर की दूरी तय करने में 35 मिनट लग रहे हैं। बिजली के तार बालकनियों को छू रहे हैं, जिससे खतरा बना हुआ है। वहीं, स्ट्रीट डॉग्स के बढ़ते आतंक से लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। नवभारत टाइम्स की टीम ने रविवार को सोसायटी के निवासियों से मिलकर उनकी समस्याओं को जाना।

करीब 22 साल पुरानी यूएनआई पॉकेट सोसायटी अब आसपास की बड़ी इमारतों के बीच दब गई है। लोग अपनी गाड़ियां सोसायटी के बाहर सड़क पर पार्क कर देते हैं। रेहड़ी-पटरी वाले भी रास्ते का काफी हिस्सा घेर लेते हैं। इससे आवागमन में भारी दिक्कत होती है। आवारा कुत्तों के झुंडों का खौफ ऐसा है कि बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में डरते हैं। पार्कों में असामाजिक तत्वों की मौजूदगी भी लोगों के लिए चिंता का विषय है। महिलाओं का कहना है कि शाम के वक्त पार्क में जाना सुरक्षित महसूस नहीं होता। निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस अव्यवस्था के कारण सोसायटी का जीवन दूभर हो गया है।