n NBT न्यूज, गुड़गांव
सेक्टर-72 स्थित 440 केवी सब-स्टेशन में 22 मई को करंट ट्रांसफॉर्मर (सीटी) में हुए ब्लास्ट के बाद शहर के कई इलाकों के अलावा रैपिड मेट्रो की बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई थी। इस तरह की स्थित दोबारा न बने इसके लिए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। योजना के तहत भविष्य में सेक्टर-72 सब-स्टेशन में किसी प्रकार की बड़ी खराबी आने पर रैपिड मेट्रो और शहर के कई सेक्टरों की बिजली सप्लाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिले के करीब 30 सेक्टरों को सेक्टर-72 स्थित 440 केवी सब-स्टेशन से बिजली सप्लाई दी जाती है। यहां से 220 केवी सब-स्टेशनों के माध्यम से आगे 66 केवी, 33 केवी और 11 केवी स्तर के बिजलीघरों तक बिजली आपूर्ति की जाती है। सेक्टर-52 और सेक्टर-56 स्थित 66 केवी सब-स्टेशनों से सेक्टर-15 से लेकर सेक्टर-57 तक के कई इलाकों में बिजली सप्लाई दी जाती है। वहीं, सेक्टर-56 सब-स्टेशन से रैपिड मेट्रो और डीएमआरसी को भी बिजली दी जाती है।
नई केबल बिछाने का कार्य शुरू: नई व्यवस्था के तहत अब कादरपुर स्थित 440 केवी सब-स्टेशन से सेक्टर-65 के 220 केवी सब-स्टेशन के जरिए सेक्टर-52 और सेक्टर-56 सब-स्टेशनों को जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए नई केबल बिछाने का कार्य भी शुरू हो चुका है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह अतिरिक्त बैकअप व्यवस्था भविष्य में किसी बड़े फॉल्ट या ट्रिपिंग की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक सप्लाई देने में मदद करेगी। इससे रैपिड मेट्रो समेत शहर के बड़े हिस्से में बिजली सप्लाई बनाए रखने में आसानी होगी।


