NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : भारत और दक्षिण कोरिया ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते को तय समयसीमा के मुताबिक अपग्रेड करने पर सहमति जताई है। वाणिज्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि इसके तहत दोनों देश बढ़ते व्यापार असंतुलन से निपटने पर राजी हुए हैं।
दोनों देश डिजिटल ट्रेड, सप्लाई चेन और औद्योगिक तालमेल के क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श के लिए समूहों का गठन भी करेंगे। ये बातें कॉम्प्रिहेंसिव इकनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट के अपग्रेडेशन पर वार्ता के 12वें दौर में तय हुई हैं। यह एग्रीमेंट जनवरी 2010 में हुआ था। मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों ने भारत के बढ़ते द्विपक्षीय व्यापार घाटे पर गौर किया। यह 2010 के बाद काफी बढ़ गया है। दोनों देश मौजूदा ट्रेड एग्रीमेंट के दायरे में ही इस पर गौर करने के लिए राजी हुए हैं।


