Shravasti Fake Note Printing Factory Busted In Rice Mill Three Arrested
राइस मिल में छाप रहे थे जाली नोट, तीन अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, श्रावस्ती : श्रावस्ती के सोनवा क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने जाली नोट छापने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। मल्हीपुर रोड स्थित गिरिराज राइस मिल में छापेमारी कर पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। मौके से 1.74 लाख के जाली नोट और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।
एसपी राहुल भाटी के मुताबिक, एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ और सोनवा पुलिस को राइस मिल में जाली नोट छापे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने छापा मारा। गिरफ्तार आरोपितों में बहराइच निवासी गिरजा शंकर जायसवाल, श्रावस्ती के भगवानपुर निवासी बृजेंद्र गोस्वामी और भटपुरवा निवासी नरेंद्र चौरसिया शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने त्योहारों के मद्देनजर जाली नोट छापकर बाजार में खपाने की तैयारी की बात स्वीकार की। केस दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।