कन्नौज जिले में मंगलवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी एक स्कूल बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में बस के दाएं हिस्से के परखच्चे उड़ गए और इसकी चपेट में आकर चार छात्रों की मौत हो गई। हादसे में शिक्षकों समेत 24 लोग घायल हुए हैं, जिनमें स्कूल प्रिंसिपल समेत दो की हालत गंभीर है।कौशांबी जिले के सिराथू कस्बे के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के 50 छात्र और 8 टीचर एजुकेशनल टूर पर मथुरा, वृंदावन और आगरा गए थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वापसी के दौरान मंगलवार सुबह 6 बजे एक छात्र ने लघुशंका के लिए बस रुकवाई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। भयंकर टक्कर में बस के दाएं हिस्से के परखच्चे उड़कर दूर तक जा गिरे। छात्रों की चीख-पुकार के बीच यूपीडा टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। ऐंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजे गए 28 छात्रों में से चार-आर्यन चौरसिया, रजिउल्ला, अरमान और ज़ैद मिर्जा को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि प्रिंसिपल समेत दो को बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेज दिया गया। छात्र अस्मित चौरसिया और शिक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि एक्सिडेंट के बाद जब 112 पर कॉल किया गया तो आधे घंटे बाद पुलिस आई। ऐंबुलेंस भी दो घंटे बाद आई।