राजधानी के शहरी विस्तार को देखते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का दायरा पूरे लखनऊ जिले में बढ़ाया जाएगा। बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण बनेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के बाद अफसरों को इस संबंध में डिटेल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसके जरिए लखनऊ के बाहरी इलाकों और बाराबंकी में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों को नियोजित तरीके से विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। सीएम ने बाकी विकास प्राधिकरणों की सीमाओं के विस्तार का भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ की आबादी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही इससे सटे बाहरी इलाकों में अवैध और अनियोजित निर्माण पर लगाम लगाना जरूरी है। बाराबंकी में भी तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है। इसलिए बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन के लिए डिटेल रिपोर्ट जल्द तैयार की जाए। विकास प्राधिकरण बनने से यहां विकसित हो रहे इलाकों में सड़क व जल निकासी समेत सभी नागरिक सुविधाओं पर शुरू से ही ध्यान दिया जा सकेगा। सीएम ने हर विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानरों की तैनाती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीएम ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम विकसित करने के निर्देश दिए। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन (यूपीसीए) को रेवेन्यू शेयर मॉडल पर संभावनाओं का अध्ययन कर विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।