सेक्टर-22 में फटी पाइपलाइन, सड़क पर बहा हजारों लीटर पानी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
noida sector 22 pipeline bursts thousands of liters of water wasted 30000 people affected
n NBT न्यूज, नोएडा

सेक्टर-22 में समरविले स्कूल के पास पानी की पाइपलाइन फटने से सड़क पर पानी बह रहा है। पाइपलाइन से तेज दबाव के साथ पानी निकलने के कारण आसपास की सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौके पर सड़क पर कूड़ा भी बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। निवासियों के अनुसार, सेक्टर-22 में पानी की पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी हैं। इनमें आए दिन लीकेज या टूटने की समस्या सामने आती रहती है। इससे एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। निवासियों का कहना है कि पाइपलाइन टूटने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। बार-बार पाइपलाइन की मरम्मत करने के बजाय पुराने पाइपों की स्थिति की जांच कर उन्हें बदलने की जरूरत है। निवासी विनोद शर्मा ने बताया कि इस पाइपलाइन की वजह से 30 हजार लोग प्रभावित हुए। यह पाइप रात को फटा थी, सुबह पानी आने के समय प्रेशर कम हो गया। इस वजह से सेक्टर-22, 23, 24, गांव रघुनाथपुर और चौड़ा के लोग प्रभावित हुए।
लोगों ने संबंधित विभाग से फटी पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराने और सड़क पर जमा पानी की निकासी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर पानी की बर्बादी के साथ सड़क और आसपास के क्षेत्र में भी परेशानी बढ़ सकती है। सेक्टर -22 के ए और बी ब्लॉक की कुछ गलियों में करीब 50 साल पुरानी पाइपलाइन बिछी हुई है। नागरिक सुरक्षा समिति ने जल विभाग के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर इन लाइनों को बदलने की मांग की है। समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता नरेश कुमार झा के अनुसार, पुरानी लाइनों के कारण लोगों को कम पानी मिलने के साथ गंदा और बदबूदार पानी भी मिल रहा है।

रेकमेंडेड खबरें