लॉजिक्स इंफ्रा, 3C ग्रीन और ATS ने जमा किए संशोधित लेआउट

नवभारतटाइम्स.कॉम•
noida sports city projects get new momentum logix infra 3c green and ats submit revised layouts
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

लंबे समय से अटकी स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं को दोबारा रफ्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। लॉजिक्स इंफ्रा डिवेलपर्स, 3C ग्रीन और ATS होम्स ने नोएडा अथॉरिटी में अपने संशोधित लेआउट जमा कर दिए हैं। इन लेआउट के आधार पर परियोजनाओं में निर्माण कार्य आगे बढ़ाने और लंबे समय से रुकी रजिस्ट्री को शुरू करने की तैयारी है। इससे हजारों घर खरीदारों को राहत मिलने की उम्मीद है। संशोधित लेआउट के अनुसार, लॉजिक्स इंफ्रा का प्रॉजेक्ट सेक्टर-150 में करीब 9,86,604 वर्गमीटर, 3C ग्रीन का सेक्टर-78-79 में करीब 6,63,301 वर्गमीटर और ATS होम्स का सेक्टर-152 में करीब 5,06,401 वर्गमीटर क्षेत्र में है। नए प्लान में कुल जमीन का 70 प्रतिशत हिस्सा खेल सुविधाओं, 28 प्रतिशत ग्रुप हाउसिंग और 2 प्रतिशत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए रखा गया है। स्पोर्ट्स सुविधाओं में टेनिस कोर्ट, मल्टीपर्पज इनडोर स्पोर्ट्स हॉल, स्विमिंग सेंटर, क्रिकेट अकैडमी, गोल्फ कोर्स, मेडिकल सेंटर, जिम्नास्टिक, टेबल टेनिस, स्क्वैश, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और रॉक क्लाइंबिंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
संशोधित योजना में खेल सुविधाओं को पूरा करने के लिए तीन साल की समयसीमा तय की गई है, जबकि आवासीय, व्यावसायिक और अन्य निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए पांच साल का समय प्रस्तावित है। इसके साथ ही डिवेलपर्स ने नोएडा अथॉरिटी के बकाये का 20 प्रतिशत हिस्सा संशोधित मास्टरप्लान की मंजूरी के दो महीने के भीतर जमा करने का प्रस्ताव दिया है। बाकी 80 प्रतिशत राशि छह छमाही किस्तों में तीन साल के दौरान जमा की जानी है।

स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाएं सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न न्यायिक आदेशों के कारण लंबे समय से अटकी हुई थीं। परियोजनाओं के रुकने से बड़ी संख्या में होम बायर्स प्रभावित हुए। अब संशोधित लेआउट जमा होने के बाद अथॉरिटी की मंजूरी और आगे की औपचारिकताओं पर निर्माण व रजिस्ट्री शुरू होने की प्रक्रिया निर्भर करेगी।

रेकमेंडेड खबरें