प्रतीक लॉरेल में दो सप्ताह में AGM कराने का नोटिस

नवभारतटाइम्स.कॉम•
prateek laurel authority notice on electricity charge hike agm to be held in two weeks
nNBT रिपोर्ट, नोएडा

प्राधिकरण के ग्रुप हाउसिंग विभाग ने सेक्टर-120 प्रतीक लॉरेल सोसायटी के एओए को नोटिस जारी किया है। इसमें दो सप्ताह में बैठक कर कॉमन एरिया के बिजली शुल्क के मुद्दे के निस्तारण की बात कही है। वहीं अब एओए पदाधिकारियों का कहना है कि अब प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों के समक्ष जवाब रखा जाएगा।
सेक्टर-120 स्थित प्रतीक लॉरेल अपार्टमेंट में लोगों ने सोसायटी के कॉमन एरिया का बिजली शुल्क बढ़ाने का विरोध किया। लोगों का आरोप है कि एओए ने बिना नियमों का पालन किए शुल्क बढ़ा दिया है। यहां 1500 फ्लैट हैं। सोसायटी के एओए पूर्व सचिव उदय कुमार जैन समेत अन्य लोगों ने बताया कि एओए ने बिना जीबीएम बुलाए कॉमन एरिया के बिजली शुल्क में 40 पैसे प्रति स्क्वायर फीट की वृद्धि की गई है। जबकि पिछले साल अगस्त 2025 में 30 पैसे प्रति स्क्वायर फीट रखरखाव शुल्क बढ़ाया गया था। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक 2.50 रुपये प्रति स्क्वायर फीट शुल्क लिया जा रहा था। एकाएक एक सितंबर से 40 पैसे प्रति स्क्वायर फीट की वृद्धि करके 2.90 रुपये प्रति स्क्वायर फीट शुल्क कर दिया गया। शुल्क बढ़ाने से पहले नियमों का भी पालन नहीं किया गया।

वहीं एओए ने बिजली का प्रति यूनिट शुल्क 7 रुपये प्रति यूनिट से घटाकर 6.30 रुपये प्रति यूनिट कर दिया। उदय जैन, मनीश जैन और वेद प्रकाश ने बताया कि एओए यह गलत तर्क दे रही है कि जीएसटी कम्प्लायंस के लिए कॉमन एरिया बिजली शुल्क को अलग से बढ़ाने की आवश्यकता है। जबकि सच्चाई यह है कि पिछले 12 वर्षों से यह खर्च नियमित रखरखाव शुल्क में से ही जमा किया जाता रहा है। इसमें निवासियों के समक्ष वर्तमान आय-व्यय का पूरा ब्योरा प्रस्तुत किया और स्पष्ट रूप से समझाया कि वर्तमान वित्तीय स्थिति को देखते हुए किसी भी प्रकार के रखरखाव शुल्क को बढ़ाने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है। वहीं सोसायटी के एओए अध्यक्ष प्रवेश नैनी ने बताया कि सोसाइटी में रखरखाव शुल्क नहीं बढ़ाया गया है। कॉमन एरिया का बिजली शुल्क बढ़ाया गया। सोसायटी में नियमानुसार सभी कार्य किए जा रहे हैं। प्राधिकरण का नोटिस मिला है। नोटिस का जवाब दिया जाएगा।

रेकमेंडेड खबरें