फर्जीवाड़ा कर 3 करोड़ की जमीन हड़पने का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम•
allegation of grabbing 3 crore land by fraud case registered against 10
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

रबूपुरा क्षेत्र के गांव भाईपुर निवासी एक किसान की करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की 11 बीघा पुश्तैनी जमीन राजस्व अभिलेखों में फर्जीवाड़ा कर अपने नाम कराने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर सुनवाई नहीं होने के बाद कोर्ट के आदेश पर 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रबूपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाईपुर निवासी केशवीर ने जेवर सिविल कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव मेहंदीपुर खादर में उनकी करीब 11 बीघा पुश्तैनी जमीन है। वह पिछले 50 वर्षों से इस पर खेती कर रहे हैं। फिलहाल राजस्व विभाग की ओर से जमीन का बंदोबस्त (सर्वे) किया जा रहा है। आरोप है कि इसी दौरान गांव के अजय, खेमी, ओमी, भूदी, हरि, दयाकिशन, प्रकाश और संता समेत गोपालगढ़ निवासी अनिल व प्रताप ने राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर जमीन अपने नाम करा ली। किसान ने राजस्व विभाग के कुछ लोगों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। केशवीर के अनुसार, फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने पर उन्होंने आरोपियों से बात करने की कोशिश की तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस से लेकर उच्चाधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट का रुख किया।

रेकमेंडेड खबरें